लखनऊ में माफिया से मुक्त भूमि पर 72 गरीब परिवारों को दिए फ्लैट, सरदार पटेल आवास योजना का लोकार्पण; सभी 75 जिलों में खुलेंगे इंप्लॉयमेंट सेंटर
लखनऊ, 05 नवंबर 2025। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जियामऊ, डालीबाग स्थित एकता वन में सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना का लोकार्पण किया। माफिया से मुक्त कराई गई लगभग 2,322 वर्ग मीटर भूमि पर बने ग्राउंड प्लस थ्री स्ट्रक्चर के तीन ब्लॉकों में 36.65 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 72 फ्लैट दुर्बल आय वर्ग के 72 परिवारों को वितरित किए गए। इस दौरान सीएम योगी ने लाभार्थियों से मुलाकात की, गृह प्रवेश का सामान भेंट किया, नन्हीं बच्चियों को गोद में खिलाया, चॉकलेट बांटी और आवास परिसर में वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने माफियाओं को कड़ी चेतावनी दी कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को हिसाब देना होगा। उन्होंने कहा, “अगर कोई गरीबों की जमीन पर कब्जा करेगा या समाज को डराने-धमकाने का काम करेगा, तो लेने के देने पड़ जाएंगे। यह सरकार जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए दृढ़तापूर्वक खड़ी है।” योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि माफिया को गले लगाने वाले गरीबों के हक पर डाका डालते हैं। “प्रदेश में जातीय नरसंहार और अपहरण उद्योग चलाने वाले माफिया अब कब्र पर फातिहा पढ़वाने वाले लोग गरीबों का शोषण करवाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा।”
माफिया-मुक्त भूमि पर गरीबों का आशियाना: नई पहल
सीएम ने स्पष्ट किया कि यह आवास वितरण केवल घर नहीं, बल्कि संदेश है कि माफिया से छीनी गई जमीन पर गरीबों का आशियाना बनेगा। उन्होंने कहा कि 2017 से ही यूपी की नकारात्मक छवि बदलने का संकल्प लिया गया था। अपराध और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई, जिससे पूरब से पश्चिम तक माफियाओं की कमर टूट गई। “माफिया संविधान का अपमान करते थे, कानून का मजाक उड़ाते थे, लेकिन आज उनकी संपत्ति जब्त कर गरीबों को घर दे रहे हैं।” योगी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 60 लाख गरीबों को आवास प्रदान किए गए हैं। जिन पात्र लोगों को अभी आवास नहीं मिला, उनके लिए नई स्कीम लाई जाएगी। इस प्राइम लोकेशन पर फ्लैट की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है, लेकिन सरकार ने मात्र 10.70 लाख में उपलब्ध कराए।
लाभार्थी भावुक, सीएम को आभार
वर्षों के इंतजार के बाद अपना घर पाकर लाभार्थी भावुक हो उठे। सोनू कुमार कनौजिया, तारा देवी, शिखा अग्रवाल, सचिन कुमार सिंह और सुमन गुप्ता जैसे लाभार्थियों ने सीएम योगी का आभार जताया। उन्होंने कहा, “किराए के मकान में गुजारा कर रहे थे, लेकिन योगी जी की मेहरबानी से आज अपना आशियाना मिला।” सीएम ने सभी को बधाई दी और कहा कि यह प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़कर और सस्ता होगा।
नए भारत का नया यूपी: विकास के साथ विरासत का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, जहां विकास भी है और विरासत का सम्मान भी।” उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा की बधाई देते हुए गढ़मुक्तेश्वर, प्रयागराज, काशी जैसे स्थानों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं का उल्लेख किया। सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए योगी ने निवेश के आंकड़े गिनाए—15 लाख करोड़ जमीनी, 5 लाख पाइपलाइन, कुल 45 लाख करोड़। दंगे खत्म हो चुके, हर पर्व शांतिपूर्ण मनाया जा रहा। कुकरेल-गोमती तट से माफिया मॉल हटाकर सौमित्र वन बनाया गया, घुसपैठियों को हटाया गया।
75 जिलों में सरदार पटेल इंप्लॉयमेंट सेंटर: युवाओं को स्थानीय रोजगार
कार्यक्रम में सीएम ने एक बड़ी घोषणा की—प्रदेश के सभी 75 जिलों में “सरदार वल्लभभाई पटेल इंप्लॉयमेंट सेंटर” खोले जाएंगे। लौहपुरुष सरदार पटेल की प्रेरणा से युवाओं का स्किल डेवलपमेंट कर क्लस्टर विकसित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले और नौजवान बाहर न जाएं। “एकता वन सरदार पटेल को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है।”
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, बृजलाल, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल सहित जनप्रतिनिधि व एलडीए अधिकारी उपस्थित रहे। योजना में स्वच्छ जल, बिजली, सुरक्षा, पार्किंग व बाहरी विकास कार्य सुनिश्चित किए गए हैं।
