🔥 ट्रेंडिंग न्यूज़:
यूपी सीएम यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज की मीटिंग में कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश दिएदिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने लॉन्च की ‘महिला सशक्तिकरण योजना 2026’: 10 लाख महिलाओं को मिलेगा रोजगार प्रशिक्षणकेंद्रीय बजट 2026-27: विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदमयूजीसी के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की रोक: कहीं जश्न तो कहीं मायूसी, दिल्ली में बुद्धिजीवियों ने जताई चिंताराष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ का बड़ा अधिवेशन: 1 फरवरी को ग्रेटर नोएडा में हजारों महिलाएं होंगी शामिल, सशक्तिकरण और नेतृत्व पर फोकसउच्च शिक्षा संस्थान: विषमता के टापू बनते जा रहे हैं हमारे विश्वविद्यालययूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने जापानी प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात: हरित हाइड्रोजन और सांस्कृतिक सहयोग पर जोररेखा गुप्ता ने गणतंत्र दिवस पर झुग्गी-बस्तियों के लिए 327 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया
Wednesday, 04 Feb 2026

15 जुलाई को उत्तर प्रदेश में भव्य रूप से मनाया जाएगा विश्व युवा कौशल दिवस

रिपोर्ट: रामभुवनसिंह

युवा शक्ति को मिलेगा नया मंच, रोजगार मेलों में मिलेगा उद्योगों से जुड़ने का अवसर

लखनऊ, 5 जुलाई। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में आगामी 15 जुलाई को पूरे प्रदेश में विश्व युवा कौशल दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। इस कार्यक्रम की श्रृंखला में 12, 13 या 14 जुलाई को (जनपद की सुविधा अनुसार) रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय उद्योगों और कंपनियों को आमंत्रित कर युवाओं को सीधी नियुक्ति का अवसर दिया जाएगा। रोजगार मेले की तैयारी के लिए जिलाधिकारी द्वारा नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं।

युवाओं में कौशल विकास के प्रति बढ़ेगी जागरूकता, सफल प्रशिक्षुओं की कहानियां रहेंगी मुख्य आकर्षण

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने बताया कि 15 जुलाई को आयोजित विश्व युवा कौशल दिवस के मुख्य कार्यक्रम में कौशल विकास की सफल कहानियां, प्रशिक्षण केंद्रों की प्रदर्शनी, प्रेरक संवाद सत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। जिले के सफल प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया जाएगा और उन्हें मंच पर अपनी कहानी साझा करने का अवसर मिलेगा।

जनपद में स्थापित महत्वपूर्ण उद्योगों के प्रतिनिधियों का भी सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही, कार्यक्रम स्थल के बाहर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें समस्त प्रशिक्षण प्रदाता हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनी में वे उत्पाद रखे जाएंगे जो इन संस्थानों के छात्र या छात्राओं द्वारा निर्मित किए गए हों। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों की उपस्थिति रहेगी। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में कौशल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है।

12 से 14 जुलाई के बीच जनपदों में आयोजित होगा रोजगार मेला, चयनित युवाओं को मिलेगा नियुक्ति पत्र

इससे पूर्व जनपदों की सुविधा के अनुसार 12 से 14 जुलाई के मध्य किसी एक दिन रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा। रोजगार मेले में दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (डीडीयू-जीकेवाई), राज्य की अन्य कौशल विकास योजनाओं और आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

चयनित युवाओं की नियुक्ति का विवरण मिशन मुख्यालय को प्रेषित किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा मेले का शुभारंभ कराया जाएगा और नियुक्ति प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण कराया जाएगा। चुनिंदा (न्यूनतम 11) रोजगार पाने वालों को 15 जून को होने वाले कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा।

रोजगार मेले की तिथियों का सभी माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इसका हिस्सा बनकर लाभ ले सकें। इन दोनों कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सभी जनपदों को व्यय के लिए 50 हजार रुपए आवंटित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *