🔥 ट्रेंडिंग न्यूज़:
गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर, यूपी के दर्जनों जिले अलर्ट पर। जानें कानपुर से वाराणसी तक बाढ़ राहत शिविर, लाइफ जैकेट और राहत किट की पूरी तैयारी।बेंगलुरु के ताज यशवंतपुर, शांगरी-ला सहित 26 बड़े होटलों पर FSDA का छापा। सड़ा मांस, एक्सपायरी दूध और सब्जियां बरामद, सभी को नोटिस जारी।विनोद तावड़े बने यूपी बीजेपी के प्रभारी, गुजरात-पंजाब की कमान किसे मिली?CM योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 35 रुपये प्रति कुंतल बढ़ाया। जानें सिंगल स्टेज डिलीवरी और ई-पॉस फीडबैक प्रणाली की पूरी जानकारी।रक्षा बंधन पर बीकानेरवाला ने पेश किए मलाई घेवर, केसर घेवर सहित प्रीमियम मिठाइयां और गिफ्ट हैंपर्स। जानें ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी की पूरी जानकारी।सीतापुर की रोली अपने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे के साथ जनता दर्शन पहुंचीं। CM योगी आदित्यनाथ ने तुरंत आर्थिक सहायता का निर्देश दिया पढ़ें पूरी खबर।प्रीत विहार पार्क में कचरे का अंबार, MCD पर आरोपमुंबई के 5 क्लबों पर FDA का एक्शन, लाइसेंस सस्पेंड
Wednesday, 19 Aug 2026

बेंगलुरु के ताज यशवंतपुर, शांगरी-ला सहित 26 बड़े होटलों पर FSDA का छापा। सड़ा मांस, एक्सपायरी दूध और सब्जियां बरामद, सभी को नोटिस जारी।

कर्नाटक खाद्य सुरक्षा विभाग ने बेंगलुरु के 26 बड़े होटलों पर छापेमारी कर सड़ा मांस, एक्सपायरी दूध और फंगस लगी सब्जियां बरामद कीं। ताज यशवंतपुर, शांगरी-ला और रेडिसन ब्लू सहित कई नामी होटलों में गंभीर खामियां मिलीं, सभी को नोटिस जारी किया गया।

कर्नाटक खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बेंगलुरु के होटल में छापेमारी करते हुए

कर्नाटक से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग (FSDA) द्वारा चलाए गए एक विशेष अभियान ने बड़े होटल समूहों की पोल खोल दी है। रोडसाइड के छोटे ढाबों या ठेलों की बात तो दूर, अब बेंगलुरु के ताज यशवंतपुर और शांगरी-ला जैसे नामी-गिरामी 5-स्टार होटलों में भी भारी लापरवाही सामने आई है।

छापेमारी के दौरान परोसे जाने वाले खाने में एक्सपायरी दूध, सड़ा हुआ मांस और सब्जियों पर फंगस जैसी गंभीर गड़बड़ियां पाई गई हैं, जिसने इन होटलों की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक साथ सैकड़ों सवाल खड़े कर दिए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

30 विशेष टीमों ने की 26 होटलों की जांच

मिली जानकारी के अनुसार विभाग ने 30 विशेष टीमें बनाकर बेंगलुरु के शहरी इलाकों में 26 प्रमुख 3-स्टार और 5-स्टार होटलों पर छापेमारी की। इसके बाद अधिकारियों ने चिकन, मटन, मछली, तेल, दूध, मसाले, पनीर और सॉस जैसी 35 खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान रसोई और स्टोर रूम में भारी गंदगी, एक्सपायरी सामान और शाकाहारी-मांसाहारी सामान को एक साथ रखे जाने जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं, जो भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों का उल्लंघन हैं।

रेडिसन ब्लू से द ललित अशोक तक, कहां क्या मिला

जानकारी के अनुसार रेडिसन ब्लू अत्रिया बेंगलुरु में सबसे बड़ी मात्रा में सड़ा हुआ सामान मिला, जहां अधिकारियों ने 50 किलो चिकन, 25 किलो मांस, 23 किलो मछली और 7 किलो सब्जियां सहित कुल 105 किलो एक्सपायरी सामान नष्ट किया। द ललित अशोक होटल में 76 किलो मांस, 200 किलो सब्जियां और 32 लीटर एक्सपायरी दूध जब्त कर नष्ट किया गया।

वहीं ताज यशवंतपुर से 72 किलो सड़ा हुआ मांस और मछली बरामद हुई है। नीचे दी गई तालिका में जब्त सामग्री की पूरी जानकारी देखी जा सकती है।

होटल जब्त/नष्ट किया गया सामान
रेडिसन ब्लू अत्रिया कुल 105 किलो (50 किलो चिकन, 25 किलो मांस, 23 किलो मछली, 7 किलो सब्जियां)
द ललित अशोक 76 किलो मांस, 200 किलो सब्जियां, 32 लीटर एक्सपायरी दूध
ताज यशवंतपुर 72 किलो सड़ा मांस और मछली
शांगरी-ला बेंगलुरु 15 किलो मांस
फोर सीजंस होटल 19 किलो मांस
विवंता (व्हाइटफील्ड) 3 किलो एक्सपायरी बेकरी उत्पाद

सभी होटलों को जारी हुए नोटिस, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

इस कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी होटल संचालकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। विभाग के अनुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के अन्य बड़े प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।

विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा, और सैंपल की लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित होटलों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राम भुवन सिंह

राम भुवन सिंह

राम भुवन सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीतिक, क्राइम और आम सरोकार से जुड़ी खबरों पर नजर रखते हैं। वो 10 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।