राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित बगरू गांव में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका के साथ हुई घटना पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पहली प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया साइट X पर वीडियो शेयर करते हुए दीपके ने लिखा कि राजस्थान में क्या हो रहा है, भारतीय जनता पार्टी के गुंडे आशुतोष और अन्य सीजेपी कार्यकर्ताओं की जान के पीछे पड़े हुए हैं, और राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले कैसे होने दे सकती है।
एक अन्य पोस्ट में दीपके ने दावा किया कि राजस्थान में बीजेपी के गुंडों ने आशु पर हमला किया है। उनका कहना है कि आशु और सीजेपी के दूसरे वॉलंटियर्स की पिटाई की गई और वे घायल हो गए हैं, और राजस्थान पुलिस ने ऐसा होने दिया।
अभिजीत दीपके ने X पर लिखा- “भारतीय जनता पार्टी के गुंडे आशुतोष और अन्य सीजेपी कार्यकर्ताओं की जान के पीछे पड़े हुए हैं। राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले कैसे होने दे सकती है?”
क्या है जयपुर का पूरा मामला?
बता दें कि जयपुर जिले के रामपुर कंवरपुरा में एक सरकारी स्कूल का दौरा कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। टीम का आरोप है कि उन पर मौके पर ही बीजेपी के लोगों ने हमला किया। इस पूरे मामले की अभी तक बीजेपी या राजस्थान पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
CJP टीम के सदस्य संजू ने बताया कि वे रामपुर के इस स्कूल का दौरा करने आए थे। उनके मुताबिक, उनके साथी एक साल पहले भी यहां आए थे, तब यह स्कूल भैंसों के बाड़े में चल रहा था, और टीम वही स्थिति दोबारा देखने आई थी।
CJP कार्यकर्ता संजू का दावा- लाठियों से पीटा, पत्थर भी फेंके
संजू के मुताबिक, बीजेपी-आरएसएस के लोग पहले से ही मौके पर मौजूद थे। उनका आरोप है कि इन लोगों ने टीम को लाठियों से मारा, धक्का दिया और पत्थर भी फेंके। संजू ने दावा किया कि उन्हें जमीन पर गिराकर लाठी से पीटा गया, जिससे उनके हाथ में चोट आई है और उन्हें काफी दर्द हो रहा है।
CJP की ओर से यह भी कहा गया है कि इस घटना में आशुतोष रांका सहित कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं, हालांकि घायलों की सटीक संख्या और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
शिवांगी शर्मा बोलीं- हमें आतंकवादी और नक्सली कहा गया
CJP कार्यकर्ता शिवांगी शर्मा ने कहा कि हमला करने वालों ने उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया और उन्हें आतंकवादी व नक्सली कहा। उन्होंने सवाल उठाया कि “बाहरी-भीतरी” का यह विवाद किस बात का है, जब यह एक ही देश है। शिवांगी शर्मा के मुताबिक, उनकी टीम किसी दूसरी पार्टी या दूसरे देश से नहीं आई है, बल्कि वे अपने ही देश के बच्चों से जुड़े मुद्दे की बात कर रहे थे।
वहीं CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजस्थान पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि पुलिस ने इस तरह के हमले होने दिए। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

