🇮🇳 भारत | शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 | 11:11 PM
देश की पत्रिका
ब्रेकिंग न्यूज़
Bikanervala Diwali 2026

30 लाख दीयों से जगमगाएगी अयोध्या, उपराष्ट्रपति होंगे मुख्य अतिथि

Desh Ki Patrika Desk
Desh Ki Patrika Desk

संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार • शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 | 09:06 PM

⏱️ 3 मिनट पढ़ें
30 लाख दीयों से जगमगाएगी अयोध्या, उपराष्ट्रपति होंगे मुख्य अतिथि
फ़ोटो स्रोत / साभार: ANI
शेयर करें:

अयोध्या दीपोत्सव 2026 का भव्य आयोजन और मुख्य अतिथि

लखनऊ। अयोध्या दीपोत्सव-2026 के मुख्य अतिथि भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे। उप राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री योगी की उपस्थिति में अयोध्या की छटा इस बार देश की सीमाओं से परे वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक वैभव का संदेश देगी।

दीपोत्सव के दसवें संस्करण में रामनगरी को 30 लाख से अधिक दीपों से रोशन कर अविस्मरणीय बनाने की तैयारी है। प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति में राम की पैड़ी समेत 56 घाटों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित होंगे। वहीं, सरयू तट पर 2,151 वेदाचार्यों और अर्चकों के मंत्रोच्चार के बीच होने वाली महाआरती उत्सव की दिव्यता को विस्तार देगी। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जारी बयान में कहा कि 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से वर्ष 2017 में जब दीपोत्सव की शुरुआत हुई थी, तब अयोध्या में करीब 1.71 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए थे। पहले आयोजन से लेकर दसवें संस्करण तक दीपों की संख्या में लगातार कई गुना वृद्धि हुई। इस वर्ष रामनगरी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दीपों की बढ़ती संख्या केवल आयोजन के विस्तार का प्रमाण नहीं, यह जन-जन की अटूट आस्था और प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा व सम्मान का प्रतीक भी है।


आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी 56 घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके तहत 35 हजार स्वयंसेवकों के साथ 900 घाट समन्वयक, 112 घाट प्रभारी और 27 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, थीम आधारित सजावट, अंतरराष्ट्रीय रामलीला, दीपोत्सव मेला और प्रदर्शनी जैसे आयोजन उत्सव की छटा बढ़ाएंगे। इनके जरिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।'

UP Sugarcane Season 2026: यूपी की 9 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू, किसानों को कितना होगा फायदा?

सरयू तट पर 30 लाख दीप और 2,151 वेदाचार्यों की महाआरती

सरयू तट पर 2,151 वेदाचार्यों और अर्चकों के मंत्रोच्चार के बीच होने वाली महाआरती उत्सव की दिव्यता को विस्तार देगी। शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होने वाली यह आरती अयोध्या दीपोत्सव 2026 के मुख्य आकर्षणों में से एक होगी। इस दौरान पूरी रामनगरी को अलौकिक रूप से सजाया जाएगा।

WhatsApp Image 2026 11 06 at 8.43.20 PM

2,100 ड्रोन बिखेरेंगे रोशनी, आसमान में दिखेगी रामकथा

दीपावली की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव में पर्यटन विभाग की ओर से अयोध्या के आसमान में भव्य एरियल ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आकाश में एक साथ 2,100 रंग-बिरंगे ड्रोन रोशनी की छटा बिखेरते हुए रामायण के प्रमुख प्रसंगों को साकार करेंगे। पिछले वर्ष के मुकाबले करीब दोगुनी संख्या में ड्रोन के जरिए आस्था, अध्यात्म और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। ड्रोन से बनने वाली विभिन्न आकृतियों में वीर मुद्रा में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार जैसे दृश्य आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा महर्षि वाल्मीकि, गोस्वामी तुलसीदास और हनुमान के विभिन्न स्वरूप भी आकाश में जीवंत होंगे।

विभिन्न राज्यों के 1,000 कलाकारों की प्रस्तुति

देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 1,000 कलाकारों का दल अयोध्या के अलग-अलग स्थलों पर लोक नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, भव्य शोभायात्रा में रामायण के सातों कांडों पर आधारित आकर्षक झांकियां सजेंगी, जो प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र और रामकथा के विविध प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी।

Desh Ki Patrika Desk

देश की पत्रिका डिजिटल संपादकीय टीम। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता।