उत्तर प्रदेश में नेताओं की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है. राज्य सरकार ने 52 बड़े नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट मुहैया कराई है, जिनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती जैसे नाम शामिल हैं.
सुरक्षा हेडक्वार्टर की इस पहल के तहत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं को यह सुरक्षा कवच सौंपा गया है. इसके अलावा भी लिस्ट में कई प्रभावशाली नेताओं के नाम दर्ज हैं, जिन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट के जरिए अतिरिक्त सुरक्षा दी जा रही है.
यूपी में अब तक 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी जा चुकी है, जबकि 98 नेताओं और महत्वपूर्ण व्यक्तियों को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है.
11 मंत्रियों समेत कई नेताओं को मिली जैकेट
बुलेटप्रूफ जैकेट पाने वालों की सूची में प्रदेश सरकार के 11 मंत्री भी शामिल हैं. इनमें मंत्री संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, ओम प्रकाश राजभर और अपर्णा यादव के नाम प्रमुख हैं.
इसके अलावा स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और महेंद्र सिंह समेत कई अन्य नेताओं को भी सुरक्षा जैकेट सौंपी गई है. सुरक्षा हेडक्वार्टर हर साल इन जैकेट्स की खरीद करता है, जिन्हें अलग-अलग श्रेणी में तैनात सुरक्षाकर्मियों और नेताओं की जरूरत के अनुसार तैयार किया जाता है.
2027 चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव
उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में यह बड़ा बदलाव किया गया है. सरकार ने पहले चरण में 8 और दूसरे चरण में 44 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट देने का फैसला लिया.
इस तरह अब तक कुल 52 नेताओं को यह सुरक्षा कवच मिल चुका है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए बड़े नेताओं की सुरक्षा को और पुख्ता किया जाना जरूरी है.
98 नेताओं को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा
प्रदेश में कुल 98 नेताओं और महत्वपूर्ण व्यक्तियों को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा दी गई है, जिसमें Y से लेकर Z श्रेणी तक की सुरक्षा शामिल है. इन्हीं 98 नेताओं में से 52 को बुलेटप्रूफ जैकेट सौंपी गई है.
सुरक्षा हेडक्वार्टर ने इसी संख्या को ध्यान में रखते हुए जैकेट की व्यवस्था की है. फिलहाल नेताओं की सुरक्षा को लेकर आगे भी कई बड़े फैसले लिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है.

